एथेनाॅल के लिए बच्चों को डाला जा रहा मौत के मुंह में : खाद्यान्न व्यवस्था और कुपोषण को लेकर सिंघार का सरकार पर हमला

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने खाद्यान्न व्यवस्था और कुपोषण को लेकर सरकार को अपने निशाने पर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक ओर अनाज सड़ रहा है, वहीं दूसरी आपेर जरूरतमंद लोगों, खासकर बच्चों तक पर्याप्त खाद्यान्न नहीं पहुंच पा रहा है। जिसका असर कुपोषण के रूप में सामने आ रहा है और बच्चों की मौत की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं।
सिंघार ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कह कि जब प्रदेश में अनाज उपलब्ध है, तो वह जरूरतमंदों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने एथेनॉल प्लांट के लिए अनाज के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि यदि यही अनाज कुपोषण से जूझ रहे बच्चों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाता, तो स्थिति अलग हो सकती थी। उन्होंने बालाघाट में सामने आए मामले का भी उल्लेख किया।
जनता के मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना
सिंघार ने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज है और समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता को उसके अधिकार दिलाना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से पार्टी प्रदेशभर में लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और जिम्मेदारियों को लेकर सवाल उठा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों का अपेक्षित तरीके से निर्वहन नहीं कर रही है। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को तब तक उठाती रहेगी, जब तक उनका समाधान नहीं हो जाता।
ईवीएम पर भी साधा निशाना
ईवीएम को लेकर पूछे गए सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस दिन ईवीएम से चुनाव होना बंद हो जाएगा, उस दिन भारतीय जनता पार्टी सीमित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को भी लगातार उठाती रहेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
