गुरुवार, 22 अक्टूबर 202608:29:28 AM
Download App
Home/देश

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा : अंधेरी के होटल में ठहरे थे आरोपी, ऑटो में घूमकर बॉलीवुड सितारों के घरों की करते थे रेकी, 1,000 रुपये देकर जुटाते थे जानकारी

admin

admin

Oct 22, 2026
04:59 AM
अंधेरी के होटल में ठहरे थे आरोपी, ऑटो में घूमकर बॉलीवुड सितारों के घरों की करते थे रेकी, 1,000 रुपये देकर जुटाते थे जानकारी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले की जांच में अब बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद वे अंधेरी के एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान वे शहर में अलग-अलग जगहों पर जाकर बॉलीवुड अभिनेताओं के घरों और उनके आसपास के इलाकों की जानकारी जुटा रहे थे।

ऑटो चालकों को देते थे 1,000 रुपये, फिर निकल पड़ते थे सितारों के घर देखने

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपी रोजाना होटल से निकलते थे और किसी भी ऑटो रिक्शा को रोक लेते थे। वे ऑटो चालक से कहते थे कि वे पहली बार मुंबई आए हैं और बॉलीवुड अभिनेताओं के घर देखना चाहते हैं। इसके बाद ऑटो चालक उन्हें बड़े फिल्मी सितारों के घरों तक ले जाने के लिए करीब 1,000 रुपये तक मांगते थे।

आरोपियों ने कई बार ऑटो चालकों को यह रकम देकर अलग-अलग बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई बार खुद गूगल पर अभिनेताओं के घरों का पता खोजते थे और फिर वही पता ऑटो चालक को बताकर संबंधित इलाके में पहुंच जाते थे।

तीन शूटरों ने कई अभिनेताओं के घरों की जुटाई जानकारी

क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि तीनों शूटरों ने बॉलीवुड से जुड़े कई अभिनेताओं के घरों की रेकी की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किन-किन सितारों के घरों और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई थी तथा इस गतिविधि के पीछे उनका उद्देश्य क्या था।

बीएनएस की धारा 111 जुड़ी, मकोका लगाने की संभावना बढ़ी

मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 भी जोड़ी है। इसके बाद मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाए जाने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, मकोका लगाने का अंतिम निर्णय जांच के निष्कर्षों और कानून में निर्धारित शर्तों के आधार पर लिया जाएगा।

सूरत में छिपाई बंदूक और मोबाइल, पुलिस कर रही तलाश

सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सूरत पहुंचे थे, जहां उन्होंने बंदूक छिपा दी थी। आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन भी किसी स्थान पर छिपाए हैं। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस इन दावों का सत्यापन कर रही है। सूरत में स्थानीय स्तर पर मदद लेकर बंदूक और मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, क्राइम ब्रांच आरोपियों की गतिविधियों, रेकी के मकसद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और बरामदगी इस मामले में अहम साबित हो सकती है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें