विकास की अलख जगाएगी ‘सेवा ज्योति’ : गांव-गांव गूंजेगा विकसित भारत का संकल्प, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन

भोपाल। मध्यप्रदेश में विकास की अलग जगाने के लिए 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ का आयोजन किया जाएगा। यात्रा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे। यात्रा का उद्देश्य विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का है। यात्रा यात्रा जिले के कस्बों, गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरते हुए विधानसभा मुख्यालय पहुंचेगी। इसके बाद सभी यात्राएं जिला मुख्यालय पर होने वाले भव्य समापन समारोह में शामिल होंगी।
जिला मुख्यालय पर होने वाले समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में जिले से जुड़े केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री और सांसद शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कलश और कृत्रिम मशाल रहेंगे मुख्य आकर्षण
खास बात यह है कि सेवा ज्योति कलश यात्रा का मार्ग इस तरह तय किया जाएगा कि अधिक से अधिक गांवों और कस्बों को इससे जोड़ा जा सके। यात्रा के दौरान कलश और कृत्रिम मशाल मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके साथ प्रचार वाहन भी यात्रा का हिस्सा होगा। इसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। स्थानीय स्तर पर लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
विधानसभा मुख्यालय से जिला मुख्यालय तक पहुंचेगी
विभिन्न गांवों और कस्बों से गुजरने के बाद यात्रा विधानसभा मुख्यालय पहुंचेगी। यहां स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों से निकली यात्राएं जिला मुख्यालय के लिए रवाना होंगी, जहां एक साथ भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पहले से शुरू की जाएंगी। यात्रा के मार्ग, कलश, प्रचार वाहन, सुरक्षा, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जाएगा।
विकास कार्यों की दिखेगी तस्वीर
समापन समारोह में जिले में हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से योजनाओं और विकास परियोजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उपस्थित लोगों को जिला विकास पुस्तिका भी वितरित की जाएगी, जिसमें जिले के विकास और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
