नीट-यूजी पेपर लीक की आंच पहुंची मप्र : सीहोर की सत्यसाई यूनिवर्सिटी का नाम आते ही मचा हड़कंप, नाशिक से धराया आरोपी छात्र, प्रशासन ने झाड़ा पल्ला

सीहोर। देशभर में नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की आंच मध्यप्रदेश तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र के नाशिक से अरेस्ट आरोपी शुभम खैरनार राजधानी भोपाल के पड़ोसी जिले सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से कनेक्शन सामने आया है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी पर परीक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों और संदिग्ध नेटवर्क से संबंध रखने के गंभीर अरोप हैं। पूरे मामले की जांच कर रही राजस्थान पुलिस शुभम से लगातार पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ में कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
जांच में खुलासा हुआ कि शुभम खैरनार ने वर्ष 2021 में सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी में बीएएमएस कोर्स में एडमिशन लिया था। यही जानकारी सामने आते ही पूरे शिक्षा जगत में सनसनी फैल गई। स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे कि क्या आरोपी का विश्वविद्यालय से सक्रिय संपर्क था और क्या उसने यहां किसी नेटवर्क को तैयार किया था। इस कनेक्शन के सामने आने के बाद मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने झाड़ा पल्ला
हालाकि यूनिवर्सिटी प्रबंधन शुभम को लेकर अपना पल्ला झाड रही है। कुलगुरु मुकेश तिवारी ने कहा कि शुभम खैरनार ने सिर्फ प्रवेश लिया था, लेकिन वह कभी विश्वविद्यालय परिसर में पढ़ाई के लिए नहीं आया। प्रशासन के अनुसार उसकी किसी परीक्षा में उपस्थिति दर्ज नहीं हुई और न ही उसने किसी शैक्षणिक गतिविधि में हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय ने खुद को पूरे मामले से अलग बताते हुए जांच एजेंसियों को हरसंभव सहयोग देने की बात कही है।
22 लाख छात्रों के भविष्य पर मंडराया संकट
इस वर्ष आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। डॉक्टर बनने का सपना लेकर तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए पेपर लीक की खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है। परीक्षा रद्द होने और धांधली के आरोपों ने छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। देशभर में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
सीबीआई जांच में खुल सकते हैं कई बड़े नाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि शुभम खैरनार की गिरफ्तारी सिर्फ शुरुआत हो सकती है और आने वाले दिनों में कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। पूरे देश की नजर अब सीबीआई जांच पर टिकी हुई है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
