हाई ब्लड प्रेशर और पैर में सूजन... : हरिद्वार से दिल्ली जा रहीं उमा की रास्ते में बिगड़ी तबियत, सूचना पाते ही हरकत में आया स्वास्थ्य अमला

नई दिल्ली। मुजफ्फरनगर। भाजपा की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से जुड़ी खबर सामने आई है। हरिद्वार से दिल्ली लौटते समय मुजफ्फरनगर में उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। हाई ब्लड प्रेशर और पैर में सूजन आ जाने के कारण उनके काफिले को रास्ते में रोकना पड़ा। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बाद वह फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, 67 वर्षीय उमा भारती मंगलवार शाम हरिद्वार से सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली जा रही थीं। इसी दौरान मुजफ्फरनगर जिले के सिंधावली गांव के पास उन्हें अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस हुई। स्थिति को देखते हुए उनके काफिले को नजदीकी पेट्रोल पंप पर रोक दिया गया, जहां डॉक्टरों की टीम को तत्काल बुलाया गया।
मेडिकल टीम ने मौके पर किया स्वास्थ्य परीक्षण
मुजफ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उमा भारती की जांच की। प्रारंभिक जांच में उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक पाया गया। इसके अलावा उनके पैर में सूजन की भी शिकायत सामने आई। डॉक्टरों ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
उपचार के बाद फिर शुरू किया दिल्ली का सफर
स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक इलाज के बाद उमा भारती की स्थिति में सुधार देखा गया। डॉक्टरों की सलाह और निगरानी के बाद उन्होंने अपनी दिल्ली यात्रा दोबारा शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है।
बीजेपी की वरिष्ठ नेता की तबीयत खराब होने की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन और चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि समय पर इलाज मिलने से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
