अर्जुन सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम : विस अध्यक्ष तोमर ने पूर्व सीएम को किया नमन, सराहा व्यक्तित्व और योगदान को

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की जयंती के अवसर पर विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान विस अध्यक्ष ने अर्जुन सिंह के राजनीतिक जीवन, व्यक्तित्व और जनसेवा में दिए गए योगदान को याद किया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय अर्जुन सिंह का व्यक्तित्व और कृतित्व सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनुकरणीय है। वे छात्र जीवन से ही सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय रहे और अपने लंबे राजनीतिक सफर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह विधायक, मंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और सांसद के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा केंद्र सरकार में वाणिज्य, संचार और मानव संसाधन मंत्री के रूप में भी उन्होंने सफलतापूर्वक जिम्मेदारियां निभाईं।
पिता की जयंती पर यह बोले बेटे अजय यिंह
कार्यक्रम में पहुंचे अर्जुन सिंह के पुत्र अजय सिंह ने भी अपने पिता को याद किया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनके पिता के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के बारे में विस्तार से अपनी बात रखी है। अजय सिंह ने कहा कि उनके पिता मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे और विधायक के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका राजनीतिक सफर और योगदान सभी को भली-भांति मालूम है।
विधानसभा की पहल को बताया सराहनीय
अजय सिंह ने विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्रियों को याद करने की शुरू की गई परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों के योगदान और उनके कार्यों को स्मरण करने की यह पहल बेहद सराहनीय है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
