दुनिया के लिए भारत को जानने का प्रवेश द्वार बना योग : बेंगलुरु में बोले पीएम मोदी, एचवी शेषाद्रि के विचारों को किया याद

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने योग की भारतीय परंपरा, उसके वैश्विक विस्तार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसके महत्व को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र रही है। यहां अनेक योगाचार्यों और विद्वानों ने जन्म लेकर इस प्राचीन परंपरा को समृद्ध किया है।
योग शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बना प्रशांति कुटीरम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें योग की असाधारण ऊर्जा को अनुभव करने का अवसर मिला है। प्रशांति कुटीरम में शुरू हुआ प्रयास आज योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि यहां योग के साथ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को जोड़कर समग्र वेलनेस इकोसिस्टम विकसित किया गया है। तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर किए गए शोध से दुनियाभर के लोगों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री ने संस्थान के इन प्रयासों की सराहना की।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से दुनिया में बढ़ी भारत की पहचान
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी संस्कृति, पहचान और ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रखा है। भारत की पहल पर आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है।
उन्होंने बताया कि योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स जैसे आयोजनों में योगासन को जगह मिलने से योग से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर खुले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि योग अब भारत को जानने का प्रवेश द्वार बन चुका है। कतर के शाही परिवार सहित कई विदेशी नागरिक योग के प्रति समर्पित हैं। ऐसे लोगों को पद्मश्री से सम्मानित कर भारत ने योग की वैश्विक स्वीकार्यता और उसके प्रति समर्पण को भी सम्मान दिया है।
एचवी शेषाद्रि के विचारों को किया याद
पीएम मोदी ने प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती के साथ एचवी शेषाद्रि की जन्मशताब्दी का भी उल्लेख किया। उन्होंने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि शेषाद्रि जी ने अपना जीवन श्व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माणश् के मिशन को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री ने उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि जब हम समाज को अपनी दोनों आंखों से देखते हैं, तो समाज भी हमें लाखों आंखों से देखता है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में कई बार इस बात को अनुभव किया है। लोगों की सेवा करते हुए हमेशा उनका आशीर्वाद और स्नेह मिला है, जो उनके जीवन की सबसे बड़ी निधियों में से एक है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
