तट पर पहुंचा चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा : 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया; 8 हजार राहत शिविर तैयार

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का खतरा अब तटीय इलाकों पर मंडराने लगा है। तूफान से जुड़े बादल उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों तक पहुंच चुके हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार को अगले दो घंटों के भीतर तूफान के लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू होने की आशंका है। मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
21 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा तूफान
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पिछले छह घंटों के दौरान 21 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। इस दौरान इसकी तीव्रता में कमी आई और यह कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया। शुक्रवार सुबह 2:30 बजे तूफान कलिंगपट्टनम से लगभग 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 170 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था।
इसके अलावा यह पुरी से 250 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और नरसापुर से करीब 370 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान शुक्रवार दोपहर से पहले गोपालपुर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है।
90 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज झोंकों के साथ इसकी गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आईएमडी ने बताया कि सैटेलाइट तस्वीरों में तूफान से जुड़े बादल तटीय क्षेत्रों तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। विशाखापत्तनम और गोपालपुर स्थित डॉप्लर वेदर रडार से पूरे सिस्टम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ओडिशा में युद्धस्तर पर राहत-बचाव की तैयारी
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्य सचिव अनु गर्ग के अनुसार, राज्य में 4,243 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। बुधवार से शुरू हुए निकासी अभियान के तहत अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। प्रभावित लोगों के लिए लगभग 8,000 राहत शिविर तैयार किए गए हैं।
9,100 गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान
प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। 30 नवंबर के आसपास प्रसव की संभावित तारीख वाली करीब 9,100 महिलाओं को सुरक्षित अस्पतालों में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इनमें से कई महिलाओं को पहले ही अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका है। भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों से भी लोगों को हटाया गया है। गजपति जिले में करीब 16 हजार और कंधमाल जिले में 3,400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
