शुक्रवार, 20 नवंबर 202607:30:58 AM
Download App
Home/देश

हाथों में पूजन सामग्री, नंगे पैर और जुबां पर जय श्रीराम : पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 लाख पार पहुंचने की उम्मीद

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 20, 2026
05:48 AM
पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 लाख पार पहुंचने की उम्मीद

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में कार्तिक शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। पंचकोसी परिक्रमा के लिए लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब अयोध्या पहुंचा है। सरयू तट पर स्नान के बाद श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पंचकोसी परिक्रमा कर रहे हैं। हाथों में पूजन सामग्री, नंगे पैर और जुबां पर जय श्रीराम के जयकारों के साथ पूरा रामनगरी क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है।

सरयू स्नान के बाद शुरू हुई पंचकोसी परिक्रमा

पंचकोसी परिक्रमा का शुभारंभ सरयू तट के नया घाट और राम की पैड़ी के आसपास से होता है। करीब 15 किलोमीटर यानी पांच कोस की यह परिक्रमा अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, कुंडों और पवित्र घाटों से होकर गुजरती है। श्रद्धालु परिक्रमा पूरी करने के बाद विभिन्न मठ-मंदिरों में पहुंचकर दर्शन-पूजन कर रहे हैं। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। रामनाम के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।

50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

इससे पहले आयोजित 14 कोसी परिक्रमा में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया था। वहीं, पंचकोसी परिक्रमा में श्रद्धालुओं की संख्या इससे भी अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। जिला प्रशासन का अनुमान है कि इस बार 50 लाख से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंच सकते हैं। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

कमिश्नर ने पैदल चलकर परखी व्यवस्थाएं

अयोध्या के कमिश्नर राजेश कुमार ने स्वयं पैदल पंचकोसी परिक्रमा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली। कमिश्नर ने बताया कि पैदल निरीक्षण का उद्देश्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर परखना है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें