शुक्रवार, 20 नवंबर 202607:30:55 AM
Download App
Home/देश

मप्र के आईएएस अधिकारी की बढ़ेंगी मुश्किलें : गृह मंत्रालय ने अभिजीत रंजन के खिलाफ जांच के दिए निर्देश, जबलपुर निवासी की शिकायत पर एक्शन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 20, 2026
06:27 AM
गृह मंत्रालय ने अभिजीत रंजन के खिलाफ जांच के दिए निर्देश, जबलपुर निवासी की शिकायत पर एक्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिजीत रंजन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कटनी एसपी रहते महिला अधिकारी से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में आए रंजन के खिलाफ केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने जांच कराने के निर्देश दे दिए हैं। बताया जा रहा है कि मंत्रालय ने बीते 12 नवंबर को मप्र के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिकायत की जांच कराने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने अभिजीत रंजन के खिलाफ यह एक्शन जबलपुर निवासी राजकुमार सोनी की शिकायत पर लिया है।

उन्होंने 25 अक्टूबर 2026 को गृह मंत्रालय में शिकायत भेजी थी। शिकायत में मुख्य बात अभिजीत रंजन की लंबित जांच को लेकर बताई जा रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार से मामले की जांच कराने को कहा है। अब राज्य स्तर पर जांच की प्रक्रिया और रिपोर्ट को लेकर आगे की कार्रवाई की जानी है।

कटनी एसपी रहते विवादों में आए थे अभिजीत रंजन

आईपीएस अभिजीत रंजन उस समय चर्चा में आए थे, जब वह कटनी जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। उनके कार्यकाल के दौरान एक महिला अधिकारी से जुड़े विवाद ने सुर्खियां बटोरी थीं। इसी प्रकरण को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।

अभिजीत रंजन ने रीवा, उज्जैन और सिंगरौली में दीं सेवाएं

अभिजीत रंजन 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई दार्जिलिंग के सेंट पॉल स्कूल और पटना के आरएमआर स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में परास्नातक की पढ़ाई की। आईपीएस बनने के बाद उनकी शुरुआती पोस्टिंग ग्वालियर में रही। इसके बाद उन्होंने रीवा, उज्जैन और सिंगरौली में सेवाएं दीं। मार्च 2023 में उन्हें कटनी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया। जून 2025 में विवाद के बाद उन्हें इस पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया।

अब केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जांच के निर्देश जारी होने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल शिकायत के आधार पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही अभिजीत रंजन के खिलाफ किसी संभावित कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें