शाहजहानाबाद में सनसनी खेज वारदात : 75 बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, लुटेरे सोने के गहनों के साथ उखाड़ ले गए दांत

भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उनके ही फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश दरिदंगी की सभी हदें भी पार कर दी। उसने महिला के सोने के गहने लूटने के साथ उनके मुंह से सोने का दांत तक उखाड़कर ले गया। बुजुर्ग महिला का नाम कलरी देवी बताया जा रहा है। उसकी हत्या किसने की अब तक इसका खुलासा नहीं हो सका है।
गले पर चोट के निशान, मुंह से निकल रहा था खून
बताया जा रहा है कि कलरी देवी घर में अकेली रहती थीं। सुबह करीब 4 बजे एक पड़ोसी महिला ने उनके फ्लैट का दरवाजा खुला देखा। जब वह अंदर पहुंची तो कलरी देवी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके गले पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश घर से सोने के आभूषण लूटकर ले गए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के मुंह से सोने का दांत भी उखाड़ लिया। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध या पहचान के डर से महिला की हत्या कर दी।
पुलिस और एफएसएल टीम जुटी जांच में
कलरी देवी की चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका मूक-बधिर बेटा एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हत्यारों की तलाश जारी है और वारदात के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
