सोमवार, 31 अगस्त 202612:08:35 PM
Download App
Home/देश

दुनिया देखेगी बुंदेलखंड का गौरव, : ओरक्षा में आकार लेगा आस्था और विरासत का नया केन्द्र, सीएम मोहन ने नजदीक से देखी श्रीरामराजा लोक निर्माण की प्रगति

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 31, 2026
10:16 AM
ओरक्षा में आकार लेगा आस्था और विरासत का नया केन्द्र, सीएम मोहन ने नजदीक से देखी श्रीरामराजा लोक निर्माण की प्रगति

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ऐतिहासिक नगरी ओरछा को देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थ केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां स्थित श्री रामराजा मंदिर प्रदेश की गौरवशाली ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मंदिर, महल और प्राचीन भवन बुंदेलखंड की समृद्ध स्थापत्य कला की पहचान हैं।

मुख्यमंत्री ने ओरछा पहुंचकर निर्माणाधीन श्री रामराजा लोक का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी काम गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

प्राचीन धरोहर को बचाते हुए होगा विकास

डॉ. यादव ने रामराजा लोक परिसर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और संचालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जुझार सिंह महल में चल रहे निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लिया तथा जहांगीर महल की ऐतिहासिक स्थापत्य कला को भी देखा।

निरीक्षण के दौरान आर्किटेक्ट ने मंदिर परिसर में मौजूद प्राचीन ‘सावन-भादो’ स्तंभों के संरक्षण और उनके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए निर्माण के दौरान इन प्राचीन संरचनाओं को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

धार्मिक पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के विकास के बाद पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिला है। इसी तर्ज पर ओरछा, चित्रकूट, दतिया, नलखेड़ा और मंदसौर सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का समग्र विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भव्य रामराजा लोक आने वाले समय में देश-विदेश से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों को उससे जोड़ना है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें