उमरिया में छात्राओं को छेड़ने वाले शिक्षक पर गिरी गाज : जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद एक्शन, कई धाराओं में मामला दर्ज

भोपाल। मध्यप्रदेश की डाॅ. मोहन यादव सरकार महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले में बेहद सख्त नजर आ रही है। इतना ही नहीं, महिलाओं से जुड़े अपराध के मामलों में तत्काल एक्शन हो भी रहा है। इसका एक उदाहरण उमरिया जिले में देखने को मिला है। यहां पर छात्राओं को छेड़ने के आरोप में जहां शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि सुल्तानपुर गांव की महिला ने शासकीय प्राथमिक शाला के प्रभारी प्रधानाध्यापक विश्वनाथ पांडेय को शिकायत की थी कि सहायक शिक्षक कोमलचंद्र गुप्ता ने बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की है। इस बात की जानकारी प्रभारी प्रधानाध्यापक विश्वनाथ पांडेय ने उमरिया के जिला शिक्षा केंद्र को दी। उसके बाद गठित की गई जांच टीम ने प्रधानाध्यापक, छात्राओं, उनके माता-पिता और ग्रामीणों की उपस्थिति में इसकी जांच की।
जांच में सही पाए गए आरोप
जांच में मास्टर कोमलचंद गुप्ता के खिलाफ लगाए गए आरोपों को सही पाया गया। इसके बाद एफआईआर का अनुमोदन किया गया। महिला ने 29 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल के मास्टर कोमलचंद गुप्ता ने 22 अगस्त 2026 को उनकी 7 साल की बेटी और उसकी दो अन्य सहेलियों के साथ छेड़छाड़ की। मास्टर गुप्ता ने चॉकलेट देने के बहाने बच्चियों को गलत वीडियो दिखाए। महिला ने पुलिस को बताया कि मास्टर गुप्ता ने बच्चियों को किसी को बताने पर डंडे से मारने की भी धमकी दी थी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
