शनिवार, 13 जून 202610:50:52 AM
Download App
Home/देश

मैहर : उपलब्धियां गिनाने आए भाजपा नेताओं के छिड़ी जुबानी जंग, मंच पर ही हाथापाई तक पहुंची बात, हक्के-बक्के रह गए मंत्री-सांसद

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 13, 2026
07:42 AM
उपलब्धियां गिनाने आए भाजपा नेताओं के छिड़ी जुबानी जंग, मंच पर ही हाथापाई तक पहुंची बात, हक्के-बक्के रह गए मंत्री-सांसद

मैहर। भाजपा के 12 साल बेमिसाल कार्यक्रम में जमकर बवाल कटा है। केन्द्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर मैहर में आयोजित किए कार्यक्रम में मंच पर ही भाजपा के दो नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा रहा है कि सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए यह कार्यक्रम अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के ताला मंडल में आयोजित किया था। घटना के दौरान सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे। अचानक हुए विवाद से कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी हैरान रह गए।

नामों के उल्लेख को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार मंच संचालन और भाषण के दौरान नेताओं के नाम लेने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल और भाजपा ताला मंडल के महामंत्री मनीष चतुर्वेदी के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ।

शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच केवल बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया और मंच पर ही धक्का-मुक्की तथा हाथापाई की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।

वरिष्ठ नेताओं के सामने हुआ हंगामा

जिस मंच से भाजपा सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाना था, वहीं हुई इस घटना ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ यह विवाद कार्यक्रम की मुख्य चर्चा बन गया। बताया जाता है कि वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया और कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया।

थाने पहुंचा मामला, शिकायत दर्ज

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विवाद पुलिस तक पहुंच गया। भाजपा नेता मनीष चतुर्वेदी ने ताला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, माइक छीना गया और धमकी दी गई। शिकायत में चोट लगने का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत दर्ज कराने के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

जांच शुरू, संगठन ने मांगा स्पष्टीकरण

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं भाजपा संगठन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों से स्पष्टीकरण मांगा है। भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने ने बताया कि यह कार्यकर्ताओं के बीच आपसी मतभेद का मामला था, जिसे बातचीत के माध्यम से सुलझा लिया गया है। हालांकि घटना के बाद संगठन के भीतर मतभेद और गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्षेत्र में यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें