बुधवार, 4 नवंबर 202608:09:38 AM
Download App
Home/विदेश

अमेरिका मिडटर्म में रिपब्लिकन पार्टी को झटका : हार के बाद ट्रंप ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, ‘मैं चुनाव लड़ता तो भारी अंतर से जीतते’

admin

admin

Nov 04, 2026
04:48 AM
हार के बाद ट्रंप ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, ‘मैं चुनाव लड़ता तो भारी अंतर से जीतते’

वाशिंगटन। अमेरिका के मिडटर्म चुनाव के शुरुआती नतीजों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका दिया है। दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने पहली बार चुनावी नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हार की वजह खुद चुनाव मैदान में नहीं उतरने को बताया। ट्रंप ने दावा किया कि अगर वह खुद उम्मीदवार होते तो रिपब्लिकन पार्टी बड़े अंतर से जीत हासिल करती।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा, "चुनाव में मैं उम्मीदवार नहीं था। अगर मैं उम्मीदवार होता, तो हम बहुत बड़े अंतर से जीतते!" उनके इस बयान को चुनावी नतीजों के बाद पार्टी के कमजोर प्रदर्शन पर सफाई के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रचार में ट्रंप ने खुद के नाम पर मांगे थे वोट

दिलचस्प बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप लगातार रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। उन्होंने मतदाताओं से यहां तक अपील की थी कि वोट डालते समय वे यह सोचें कि उम्मीदवार खुद डोनाल्ड ट्रंप हैं। इसके बावजूद शुरुआती नतीजों में रिपब्लिकन पार्टी पिछड़ती नजर आ रही है।

वहीं, ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में चुनावी नतीजों को स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह इन परिणामों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ट्रंप ने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पार्टियां मिलकर कोई रास्ता निकाल सकेंगी।

प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स को बढ़त

मंगलवार को अमेरिका में मिडटर्म चुनाव संपन्न हुए। प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों पर मतदान हुआ। शुरुआती रुझानों में डेमोक्रेटिक पार्टी 147 सीटों पर आगे थी, जबकि रिपब्लिकन पार्टी 88 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। इन रुझानों ने ट्रंप प्रशासन के लिए राजनीतिक चुनौतियां बढ़ने के संकेत दिए हैं।

सीनेट में भी मुकाबला दिलचस्प

अमेरिकी सीनेट की 100 सीटों में से 35 सीटों पर चुनाव हुए। बहुमत के लिए 51 सीटों की जरूरत होती है। चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 सीटें थीं, जबकि डेमोक्रेट्स के पास 45 सीटें थीं। दो निर्दलीय सांसद भी डेमोक्रेट्स के साथ काम करते हैं। इस तरह सीनेट में दोनों पक्षों के बीच मौजूदा प्रभावी अनुपात 53-47 का था।

फ्लोरिडा में बायरन डोनाल्ड्स की जीत

फ्लोरिडा में गवर्नर पद के चुनाव में बायरन डोनाल्ड्स ने जीत दर्ज की। वहीं, इसी राज्य से प्रतिनिधि सभा की सीट भारतीय मूल की पिया डांडिया ने अपने नाम की। चुनावी नतीजों के बाद अब अमेरिकी राजनीति में दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच आगे की रणनीति को लेकर हलचल तेज होने की उम्मीद है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें