अमेरिका की जनता ने बांटने वाली राजनीति को नकारा : मिडटर्म चुनाव के नतीजों को लेकर ओबामा ने ट्रंप पर ऐसे कसा तंज

वाशिंगटन। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव 2026 के नतीजों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। मंगलवार को आए चुनावी नतीजों में रिपब्लिन पार्टी को कई अहम राज्यों में हार का मुंह देखना पड़ा है। जॉर्जिया, टेक्सास, ओहायो, मिशिगन, नॉर्थ कैरोलाइना और न्यू हैम्पशायर जैसे राज्यों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। रिपब्लिन को मिले चुनावी झटकों पर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बगैर नाम लिए ट्रंप पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी जनता ने ऐसी राजनीति के खिलाफ अपना संदेश दिया है, जो लोगों को आपस में बांटने का काम करती है।
ओबामा बोले- जनता ने दिया स्पष्ट संदेश
बराक ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चुनावी नतीजों पर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि अमेरिकी जनता ने साफ कर दिया है कि वह विभाजन की राजनीति के बजाय एकजुटता चाहती है। लोगों को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो उनके सामने मौजूद चुनौतियों को समझे और उनका ठोस समाधान निकालने की क्षमता रखता हो।
ओबामा ने कहा कि चुनावी नतीजे साझा मूल्यों, जनसेवा और मिलकर आगे बढ़ने की सोच का परिणाम हैं। उनके अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे उम्मीदवार सामने आए, जिन्होंने अपने क्षेत्रों में लोगों का विश्वास हासिल किया।
अलग-अलग विचारधारा के उम्मीदवारों ने दिलाई जीत
पूर्व राष्ट्रपति ने चुनाव में सफल रहे उम्मीदवारों की तारीफ करते हुए कहा कि कई उम्मीदवार ऐसे क्षेत्रों से भी चुनावी मैदान में उतरे, जहां उनकी जीत की संभावनाएं कम मानी जा रही थीं। उनकी पृष्ठभूमि और राजनीतिक विचार भले ही अलग-अलग थे, लेकिन जनसेवा और अपने क्षेत्र के लोगों के हितों को प्राथमिकता देने जैसे साझा मूल्यों ने उन्हें एकजुट किया।
ओबामा ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति प्रतिबद्धता और साझा उद्देश्य चुनावी सफलता के अहम आधार रहे।
चुनावी कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स को कहा धन्यवाद
ओबामा ने चुनाव प्रचार में जुटे हजारों कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक दलों के वॉलंटियर्स ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई। लोकतंत्र में चुनाव कराना और उसमें सक्रिय भागीदारी निभाना बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
