शुक्रवार, 19 जून 202609:10:38 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

नशे के कारोबार के खिलाफ जंग : धमतरी में नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, SAFEMA के तहत 35 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 19, 2026
10:13 AM
धमतरी में नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, SAFEMA के तहत 35 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबार से जुड़े दो आरोपियों और उनके सहयोगियों की करीब 35 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई SAFEMA (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट) के तहत की गई है। जिले में इस कानून के तहत संपत्ति जब्ती की यह पहली कार्रवाई मानी जा रही है।

धमतरी पुलिस लगातार जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कस रही है। पुलिस के अनुसार, बीते कुछ समय में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की गई हैं। इनमें करीब 490 किलोग्राम गांजा की जब्ती भी शामिल है, जिसे जिले की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) के खिलाफ अभियान चलाते हुए लगभग 50 से 55 ग्राम हेरोइन भी जब्त की थी।

पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई कर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में दो प्रमुख नशा कारोबारियों और उनके सहयोगियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच के बाद उन्हें SAFEMA के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है।

धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर अपराधियों के नेटवर्क को भी खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस सख्त कदम का नशा तस्करों पर कितना असर पड़ता है और आने वाले दिनों में पुलिस इस अभियान को किस स्तर तक आगे बढ़ाती है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें