शुक्रवार, 19 जून 202609:06:49 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

CM हाउस में हाई-वोल्टेज बैठक : 5 घंटे चली मंत्रिपरिषद की मैराथन बैठक, फेरबदल की अटकलों पर बोले मंत्री— "मुस्कुराइए, सब ठीक है"

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 19, 2026
10:04 AM
5 घंटे चली मंत्रिपरिषद की मैराथन बैठक, फेरबदल की अटकलों पर बोले मंत्री— "मुस्कुराइए, सब ठीक है"

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बुधवार देर रात उस समय हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास पर आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक करीब पांच घंटे तक चली। रात 9 बजे शुरू हुई यह बैठक देर रात लगभग 2 बजे समाप्त हुई। बैठक की लंबी अवधि और उसमें सरकार व संगठन के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों को और हवा दे दी।

मुख्यमंत्री निवास में हुई इस मैराथन बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी पवन साय और सह-प्रभारी अजय जामवाल की मौजूदगी ने बैठक के राजनीतिक महत्व को और बढ़ा दिया। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

बैठक समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह सरकार की नियमित समीक्षा बैठक थी, जिसमें शासन-प्रशासन, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई। उन्होंने फेरबदल की अटकलों पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की।

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम "मुस्कुराइए, सब ठीक है

वहीं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने बैठक से बाहर निकलते समय मुस्कुराते हुए कहा, "मुस्कुराइए, सब ठीक है। आप लोग ही माहौल बना रहे थे।" उनके इस बयान को मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं पर हल्के-फुल्के अंदाज में दिए गए जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

मीटिंग में 12 सालों के कार्यों पर चर्चा हुई

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया

हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन सरकार और संगठन के शीर्ष नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलों को जन्म दिया है। फिलहाल सरकार की ओर से इसे नियमित समीक्षा बैठक बताया जा रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में किसी बड़े राजनीतिक फैसले की संभावना को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह बैठक सिर्फ समीक्षा तक सीमित थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश और रणनीति भी छिपी हुई है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें