शनिवार, 16 मई 202607:35:00 AM
Download App
Home/देश

नीट यूजी 2026 पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार : सीबीआई जांच में बड़े खुलासे, अब तक 8 आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

admin

admin

May 16, 2026
05:54 AM
सीबीआई जांच में बड़े खुलासे, अब तक 8 आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

पुणे। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का एक्शन जारी है। जांच एजेंसी ने इस पूरे रैकेट के कथित मास्टरमाइंड के रूप में केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार कुलकर्णी लंबे समय से राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े थे और उन्हें प्रश्नपत्रों तक पहुंच हासिल थी। बता दें कि सीबीआई अब तक कुलकर्णी समेत 8 आरोपियों को दबोच चुकी है।

छात्रों को पहले से कराए गए थे सवाल याद

सीबीआई जांच में सामने आया है कि पीवी कुलकर्णी ने अप्रैल के आखिरी सप्ताह में आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया था। मनीषा को सीबीआई ने 14 मई को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का दावा है कि कुलकर्णी ने पुणे स्थित अपने घर पर चुनिंदा छात्रों के लिए विशेष कोचिंग क्लास चलाई थी। इन क्लासों में वह छात्रों को सवाल, उनके विकल्प और सही उत्तर डिक्टेट करते थे, जिन्हें छात्र अपनी कॉपियों में लिखते थे।

जांच के दौरान छात्रों की नोटबुक और असली प्रश्नपत्र का मिलान किया गया, जिसमें कई सवाल हूबहू समान पाए गए। सीबीआई का कहना है कि ये वही प्रश्न थे जो 3 मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा में पूछे गए थे।

महाराष्ट्र से दिल्ली तक फैला नेटवर्क

पीवी कुलकर्णी महाराष्ट्र के लातूर जिले के निवासी हैं। फिलहाल उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पुणे ले जाया गया है और वहां से दिल्ली लाया जा रहा है। इससे पहले सीबीआई ने जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से पांच आरोपियों को सात दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य को ट्रांजिट रिमांड के बाद दिल्ली लाया जाएगा।

देशभर में छापेमारी, इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त

पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान जांच एजेंसी ने महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए हैं। अब इन सभी की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है ताकि पेपर लीक नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

अभिभावकों की शिकायत से खुला मामला

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब लातूर में कुछ अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई कि एक कोचिंग संस्थान के मॉक टेस्ट में पूछे गए 42 सवाल नीट यूजी 2026 के असली प्रश्नपत्र से पूरी तरह मेल खाते थे। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। अब जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें