खड़गे की टिप्पणी पर सियासी संग्राम, : PCC घेरने पहुंचे भाजपाई, शिवाजी नगर में आमने-सामने हुए दोनों दलों के कार्यकर्ता , बैरिकेड पर चढ़े विधायक, पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार

भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भोपाल में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान शिवाजी नगर चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। धक्का-मुक्की के दौरान कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया, जिसके सिर में चोट आई।
रेडक्रॉस अस्पताल के सामने जुटे भाजपाई
प्रदर्शन के लिए भाजपा के नेता और कार्यकर्ता रेडक्रॉस अस्पताल के सामने एकत्र हुए। यहां से उन्होंने पैदल मार्च शुरू किया और कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक है और इसके विरोध में कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय और शहर अध्यक्ष रविंद्र यति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
चौराहे पर आमने-सामने आए दोनों दल
भाजपा कार्यकर्ता जब शिवाजी नगर चौराहे की ओर बढ़े, तभी कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सामने पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने खड़े हो गए और मौके पर नारेबाजी के बीच गहमागहमी बढ़ गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रदर्शन में दोनों दलों की महिला कार्यकर्ता भी मौजूद थीं।
बैरिकेड पर चढ़े विधायक, पुलिस ने चलाई पानी की बौछार
कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने से रोके जाने पर भाजपा के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी बैरिकेड पर चढ़ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। इस बीच दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया और उसका सिर फूट गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
