मंगलवार, 24 नवंबर 202605:20:59 PM
Download App
Home/देश

कटारा हिल्स में 70 क्वार्टर के विवाद में खूनी संघर्ष : लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दो भाइयों पर जानलेवा हमला, आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

admin

admin

Nov 24, 2026
04:50 PM
लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दो भाइयों पर जानलेवा हमला, आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स इलाके में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। 70 क्वार्टर में रहने की बात को लेकर हुए विवाद में चार आरोपियों ने दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में शुभम महिरे और उसका भाई आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद फरार हुए चारों आरोपियों को कटारा हिल्स थाना पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

कहासुनी के बाद हथियार लेकर टूट पड़े आरोपी

पुलिस के अनुसार, फरियादी शुभम महिरे और आरोपियों के बीच 70 क्वार्टर में रहने की बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने विवाद बढ़ाते हुए शुभम और उसके भाई आदित्य पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दोनों को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से निशाना बनाया। अचानक हुए हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

वारदात के बाद भागे, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

हमले के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटारा हिल्स पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चारों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नागेंद्र विश्वकर्मा, धनराज उर्फ धनुआ, सचिन रावत और आदित्य रावत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल हथियारों और हमले के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें