सरकारी चावल की हेराफेरी पर शिकंजा : खाद्य मंत्री ने भोपाल से कटनी भेजा अधिकारियों का जांच दल, गड़बड़ी मिली तो दोषियों पर गिरेगी गाज

भोपाल। कटनी जिले में फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने का मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग में हलचल मच गई है। सरकारी खाद्यान्न के परिवहन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने के बीच खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
मंत्री ने अपर मुख्य सचिव खाद्य केसी गुप्ता को जांच की जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में जांच प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा परिवहनकर्ता की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी खाद्यान्न के दुरुपयोग पर सख्ती
खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्यान्न प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और खाद्यान्न की हेराफेरी को रोकने के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच में किसी भी तरह का दबाव या पक्षपात नहीं होना चाहिए। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
