रामपुर में मुख्यमंत्री साय का जमीनी निरीक्षण : तेंदूपत्ता संग्राहकों संग की चौपाल

सुशासन तिहार में सीएम की सादगी
सूरजपुर जिले के रामपुर गांव में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का एक बार फिर सहज और सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने तेंदूपत्ता से बनी माला पहनाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका पहनाई और उनसे सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी ली। सीएम साय काफी देर तक ग्रामीणों और संग्राहकों के बीच बैठे रहे और शासन की योजनाओं का जमीनी फीडबैक लिया।
योजनाओ की ली जानकारी
सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री ने गांव में पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर लोगों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि शासन की योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं। अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने हर वर्ग के लोगों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी।
ग्रामीणों में उत्साह
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला, जब उन्होंने एक छोटे बच्चे को माला पहनाकर दुलार किया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। रामपुर में आयोजित यह कार्यक्रम सुशासन तिहार के जरिए सरकार और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बना, जहां मुख्यमंत्री ने लोगों की बात सुनकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
