हनुमान अंश से मिली बुंदेली गीत को पहचान : सीएम मोहन ने सराहा सुनील लोधी की उपलब्धि को, एक लाख का सम्मान और सहयोग का ऐलान

भोपाल। हुनर किसी पहचान का मोहताज नहीं होता और जब प्रतिभा के साथ संघर्ष जुड़ जाए तो उसकी कहानी और भी खास बन जाती है। मध्यप्रदेश के सागर के युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिखाया है। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने हाल ही में प्रदर्शित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया, जो तेजी से लोगों की पसंद बन गया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को समत्व भवन में उनसे मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने की प्रतिभा की सराहना
मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
आंखों की रोशनी के लिए भी मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सुनील की बचपन से ही गायन में रुचि रही है, इसलिए उन्हें संगीत विद्यालय के माध्यम से औपचारिक संगीत शिक्षा पूरी करने में भी सरकार सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिभा खोज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के दूर-दराज इलाकों में छिपे हुनर को उचित मंच मिल सके।
मुख्यमंत्री के सामने सुनाया लोकप्रिय गीत
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सुनाया। उनकी आवाज और प्रस्तुति ने मुख्यमंत्री को प्रभावित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के आग्रह पर सुनील ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया। उनकी प्रस्तुति ने मुलाकात के माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर सुनील के पिता महेंद्र सिंह लोधी और माता भाग बाई भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों का सम्मान कर सुनील की सफलता में उनके योगदान को भी सराहा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
