ऐसे लोगों से सनातन के सम्मान की उम्मीद नहीं, : ब्रज की धरती से यूपी सीएम का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- किसी के हित से नहीं होने देंगे खिलवाड़

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मथुरा से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग बाबर और औरंगजेब में आस्था रखते हैं, वे सनातन और देश की आस्था का सम्मान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व समाज में जहर घोलने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन डबल इंजन की सरकार उनके मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी।
‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे’
सीएम योगी ने कहा कि सरकार की आस्था श्रीकृष्ण कन्हैया, प्रभु श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है। उन्होंने सवाल किया कि जिनकी आस्था विदेशी आक्रांताओं में है, वे देशवासियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान कैसे कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों की कोशिश समाज में विभाजन और विष फैलाने की रही है।
उन्होंने कहा कि समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी तत्व युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, बहन-बेटियों की सुरक्षा को नुकसान, किसानों की खुशहाली पर चोट और कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को फिर से कमजोर करने का प्रयास कर सकते हैं। लेकिन सरकार उनके हर मंसूबे पर पानी फेर देगी।
‘सनातन को मिटाने वाले खुद मिट गए’
योगी ने कहा कि अयोध्या में करीब 500 वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं ने भारतीय आस्था को समाप्त करने का प्रयास किया था। कई बार सनातन पर प्रहार हुए, लेकिन उसकी आस्था को मिटाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि जिन्होंने सनातन को खत्म करने का दुस्साहस किया, वे स्वयं इतिहास के पन्नों में मिट गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा और वे अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मथुरा-वृंदावन समेत पूरे ब्रज क्षेत्र का विकास लोगों की भावनाओं के अनुरूप किया जाएगा।
मथुरा से बरसाना तक बदलेगा ब्रज का स्वरूप
सीएम योगी ने कहा कि मथुरा, नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन और वृंदावन को भव्य स्वरूप देने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी की तर्ज पर ब्रज के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें वोट बैंक की राजनीति में ब्रज आने से भी डरती थीं। यही कारण था कि उनके शासनकाल में जवाहरबाग जैसी घटनाएं हुईं। अब ब्रज में ऐसे कांड नहीं, बल्कि रंगोत्सव और ब्रजराज उत्सव होते हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
