राजधानी को औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ी सौगात: : सीएम आज स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का करेंगे भूमिपूजन, साक्षी बनेंगे 200 उद्योगपति, 173 एकड़ में लेगा आकार

भोपाल। राजधानी भोपाल को औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को सतगढ़ी में विकसित होने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। देश-प्रदेश के करीब 200 उद्योगपति, निवेशक और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। लगभग 173 एकड़ में विकसित होने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना राजधानी को निवेश, आधुनिक उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इतना ही नहीं 25 एकड़ में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर भी आकार लेगा, पार्क के विकसित होने पर 15 हजार से अधिक रोजगार भी सृजित होंगे।
वर्क-लिव-ग्रो मॉडल पर विकसित होगा पार्क
स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां चौड़ी सड़कें, आधुनिक परिवहन नेटवर्क, आईटी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित व्यवस्थाएं, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स सहित स्मार्ट औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी। परियोजना को 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर तैयार किया जाएगा, ताकि उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार और बेहतर जीवन सुविधाओं का भी समन्वित विकास हो सके।
15 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
इस पार्क में उच्च मूल्य विनिर्माण, परिधान, खिलौना उद्योग, आईटी, एआई, लॉजिस्टिक्स और उभरती तकनीकों से जुड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इससे करीब 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। साथ ही कोलार क्षेत्र, जो अब तक मुख्य रूप से आवासीय क्षेत्र रहा है, भविष्य में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनकर उभरेगा।
भोपाल को मिलेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर
परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर होगा। दस हजार से अधिक लोगों की क्षमता वाले इस परिसर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापारिक आयोजन और वैश्विक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे भोपाल को मध्य भारत के प्रमुख एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जिबिशन) गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
ग्रीन और स्मार्ट तकनीक पर रहेगा जोर
सतगढ़ी स्थित यह पार्क राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर संपर्क के कारण निवेशकों के लिए आकर्षक औद्योगिक केंद्र बनेगा। परियोजना में एससीएडीए आधारित जल प्रबंधन, जल एवं सीवेज शोधन संयंत्र, स्वचालित वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था और अत्याधुनिक यूटिलिटी कॉरिडोर जैसी पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे भोपाल की औद्योगिक पहचान को नई मजबूती मिलने के साथ प्रदेश में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
