शनिवार, 12 सितंबर 202606:47:53 PM
Download App
Home/देश

राहुल के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर : मंच पर संगीत से लेकर नृत्य तक का लगेगा तड़का, राघव चैतन्य बनाएंगे माहौल

admin

admin

Sep 12, 2026
08:11 AM
मंच पर संगीत से लेकर नृत्य तक का लगेगा तड़का, राघव चैतन्य बनाएंगे माहौल

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम को प्रशासन की ओर से अनुमति मिल गई है। जिसके बाद से कांग्रेस ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो राहुल के इस कार्यक्रम को राजनीतिक संवाद तक सीमित नहीं रखा जाएगा। कार्यक्रम से युवाओं को जोड़ने के लिए एक बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

यहां पर बता दें कि राहुल गांधी का कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने आयोजित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल को ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया है। पार्टी ने मैदान की बुकिंग के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण के पास करीब 10.08 लाख रुपये की राशि जमा कराई है। मैदान को 17 से 19 सितंबर तक के लिए बुक कराया गया है। मुख्य कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

राजनीतिक मंच पर दिखेगा मनोरंजन का रंग

कार्यक्रम के दौरान लोकप्रिय गायक राघव चैतन्य अपनी प्रस्तुति देंगे। फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित राघव अपने चर्चित गीतों के जरिए युवाओं के बीच माहौल बनाएंगे। इसके अलावा मशहूर नृत्य समूह वी अनबीटेबल भी कार्यक्रम में प्रस्तुति देने की तैयारी में है। यह समूह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है और अमेरिका के चर्चित प्रतिभा कार्यक्रम में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुका है।

रैपर लश्करी भी बढ़ाएंगे कार्यक्रम की ऊर्जा

कार्यक्रम में युवाओं के बीच लोकप्रिय रैपर लश्करी की प्रस्तुति भी प्रस्तावित है। पार्टी की कोशिश है कि मंच पर अलग-अलग तरह के संगीत और नृत्य के जरिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक ये कलाकार कार्यक्रम स्थल पर राहुल गांधी की अगवानी भी करेंगे। इससे आयोजन को राजनीतिक कार्यक्रम के साथ-साथ एक बड़े युवा उत्सव का स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है।

छात्राओं के लिए बनेगा विशेष ‘पिंक जोन’

कार्यक्रम में छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है। कॉलेज और छात्रावासों से आने वाली छात्राओं के लिए अलग ‘पिंक जोन’ तैयार किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि इस विशेष क्षेत्र में छात्राओं के बैठने और कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सुविधाजनक एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें