सोमवार, 15 जून 202608:44:19 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

कन्या विवाह योजना के मंगलसूत्रों पर विवाद : मनेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में वितरित मंगलसूत्रों पर विवाद, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मांगी उच्चस्तरीय जांच

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 14, 2026
06:37 AM
मनेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में वितरित मंगलसूत्रों पर विवाद, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मांगी उच्चस्तरीय जांच

एमसीबी/मनेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वितरित किए गए मंगलसूत्रों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड के चनवारीडांड में 10 फरवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम में शामिल कुछ हितग्राहियों ने मंगलसूत्रों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

इस पूरे प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार और महिला एवं बाल विकास विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य नवविवाहित बेटियों को सम्मानपूर्वक सहयोग प्रदान करना है, लेकिन यदि योजना के तहत चांदी के नाम पर नकली या निम्न गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र वितरित किए गए हैं तो यह अत्यंत गंभीर मामला है।

उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय अनियमितता का विषय नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और विश्वास से जुड़ा मुद्दा है। शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचना चाहिए, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतें विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।

गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि महिला एवं बाल विकास विभाग में पूर्व में भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें और अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं, इसके बावजूद सरकार प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि यदि शिकायतें सही हैं तो बेटियों के नाम पर यह कथित खेल किसने खेला, सामग्री खरीदी और वितरण प्रक्रिया में किन अधिकारियों की भूमिका रही तथा किसके संरक्षण में यह कथित अनियमितता हुई।

पूर्व विधायक ने मांग की कि पूरे मामले की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाया जाए तथा जिन हितग्राही कन्याओं को संदिग्ध गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र मिले हैं, उन्हें मानक गुणवत्ता के वास्तविक चांदी के मंगलसूत्र उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान से जुड़ी किसी भी योजना में भ्रष्टाचार या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। यदि जांच में अनियमितता सिद्ध होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गुलाब कमरो ने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि बेटियों के हितों की रक्षा के लिए बनाई गई योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हितग्राहियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी

"बेटियों के सम्मान से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि शिकायतें सही हैं तो दोषियों को हर हाल में जवाबदेह बनाया जाना चाहिए और प्रभावित हितग्राहियों को न्याय मिलना चाहिए।" — गुलाब कमरो, पूर्व विधायक।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें