कोंडागांव : केशकाल घाट में ऑक्सीजन टैंकर पलटा, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल घाट में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहा ऑक्सीजन से भरा टैंकर घाट के पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि चालक की सतर्कता और पुलिस-हाईवे पेट्रोलिंग की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार टैंकर चालक उदय कुमार ठाकुर (52), निवासी बिहार, वर्ष 1995 से ऑक्सीजन टैंकर चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह जगदलपुर से ऑक्सीजन भरकर रायपुर होते हुए ओडिशा के झालागुड़ा जा रहे थे। केशकाल घाट के पहले मोड़ पर अचानक टैंकर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन चट्टान से टकराकर पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद चालक ने टैंकर से बाहर निकलकर सुरक्षा नली खोल दी, जिससे ऑक्सीजन नियंत्रित रूप से बाहर निकलती रही और टैंकर के भीतर दबाव नहीं बढ़ा। चालक के अनुसार यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया गया। बाद में वन-वे व्यवस्था के जरिए वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। फिलहाल केशकाल घाट में यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
प्रशासन अब क्रेन की सहायता से पलटे हुए टैंकर को हटाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही टैंकर में बची ऑक्सीजन को दूसरे टैंकर में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
