सोमवार, 15 जून 202608:45:02 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : सीएम हेल्पलाइन 1076 पर 5 दिन में 15 हजार से ज्यादा शिकायतें, राजस्व विभाग सबसे ऊपर

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 15, 2026
06:51 AM
सीएम हेल्पलाइन 1076 पर 5 दिन में 15 हजार से ज्यादा शिकायतें, राजस्व विभाग सबसे ऊपर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की नई सीएम हेल्पलाइन 1076 आम लोगों के लिए अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचाने का बड़ा माध्यम बनती जा रही है। हेल्पलाइन शुरू होने के महज पांच दिनों के भीतर ही शिकायतों का आंकड़ा 15 हजार के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन, बिजली, सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 9 जून को सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 का शुभारंभ किया था। यह हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित की जा रही है। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार शिकायतों के पंजीयन और निराकरण की प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।

13 जून तक हेल्पलाइन पर कुल 15 हजार 434 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें सबसे अधिक 2 हजार 470 शिकायतें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित हैं। इन शिकायतों में नामांतरण, सीमांकन, भू-अभिलेख और भूमि विवाद से जुड़े मामले प्रमुख हैं।

वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से संबंधित 2 हजार 58 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं।

ऊर्जा विभाग से संबंधित 1 हजार 921 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें बिजली आपूर्ति में बाधा, ट्रांसफॉर्मर खराब होने तथा नए विद्युत कनेक्शन से जुड़े मामले प्रमुख हैं। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित 1 हजार 509 तथा खाद्य विभाग से जुड़ी 1 हजार 235 शिकायतें भी दर्ज की गई हैं। खाद्य विभाग की शिकायतों में राशन कार्ड, पात्रता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े मुद्दे सामने आए हैं।

सरकार के अनुसार हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों के समाधान के लिए समयबद्ध प्रक्रिया अपनाई जा रही है और अधिकांश मामलों में सात दिनों के भीतर निराकरण का लक्ष्य रखा गया है।

आंकड़े बताते हैं कि हेल्पलाइन पर आने वाली बड़ी संख्या में शिकायतें आम नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं। ऐसे में अब सबसे बड़ी चुनौती शिकायतों के प्रभावी और त्वरित निराकरण की है, ताकि लोगों को इस व्यवस्था का वास्तविक लाभ मिल सके।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें