सोमवार, 15 जून 202608:36:32 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

CCPL 2026: बिलासपुर बुल्स बने नए चैंपियन : फाइनल में रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 15, 2026
05:30 AM
फाइनल में रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराया

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का खिताबी मुकाबला रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। फाइनल में बिलासपुर बुल्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से पराजित कर पहली बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

रायगढ़ लायंस ने बनाए 160 रन

टॉस जीतकर बिलासपुर बुल्स ने पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी रायगढ़ लायंस की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से नयन राजकुमार चौहान ने 41 रन, संगीत सोनी ने 32 रन और दीपक यादव ने नाबाद 22 रनों का योगदान दिया। हालांकि मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में सफल नहीं हो सके।

भारत गोंडवानी की घातक गेंदबाजी

बिलासपुर की ओर से गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। भारत गोंडवानी ने 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर रायगढ़ की रन गति पर अंकुश लगाया। वहीं वरुण सिंह भूई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने सिर्फ 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

बिलासपुर की जीत में वीकल्प तिवारी और पवन परनाटे ने 39-39 रन की अहम पारियां खेलीं। वहीं प्रतेक यादव ने केवल 13 गेंदों में 30 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बिलासपुर के पक्ष में कर दिया।

भारत गोंडवानी बने प्लेयर ऑफ द मैच

फाइनल में 3 विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए "प्लेयर ऑफ द मैच" चुना गया। उनकी गेंदबाजी ने रायगढ़ को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका और बिलासपुर की जीत की नींव रखी।

CCPL का दिलचस्प सफर

CCPL के पहले सीजन (2024) में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी। वहीं पिछले सीजन में बारिश के कारण फाइनल मुकाबला नहीं हो सका था, जिसके चलते रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। अब सीजन-3 में बिलासपुर बुल्स ने पहली बार खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही टीम ने पहले सीजन की हार का हिसाब भी बराबर कर लिया और CCPL को नया चैंपियन मिला।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें