मऊगंज : हनुमना जनपद में सचिवों के अतिरिक्त प्रभार को लेकर विवाद, दूरी के आंकड़ों में गड़बड़ी के आरोप

मऊगंज। मऊगंज जिले की जनपद पंचायत हनुमना में ग्राम पंचायत सचिवों के अतिरिक्त प्रभार के प्रस्ताव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कुछ सचिवों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी करते हुए पंचायतों के बीच की दूरी के आंकड़ों में कथित रूप से बदलाव किया गया और उसी आधार पर प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, देवरा ग्राम पंचायत में सचिव जितेंद्र सिंह तिवारी को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के लिए प्रस्ताव में देवरा से बेलहा की दूरी 2 किलोमीटर दर्शाई गई है, जबकि स्थानीय स्तर पर वास्तविक दूरी करीब 10 से 12 किलोमीटर बताई जा रही है।
इसी तरह बन्ना जवाहर सिंह ग्राम पंचायत के मामले में सचिव शिव बहोर तिवारी को अतिरिक्त प्रभार देने के लिए बिझौली गहरवारान से बन्ना जवाहर सिंह की दूरी 6 किलोमीटर दर्ज की गई है। आरोप है कि वास्तविक दूरी यहां भी 10 से 12 किलोमीटर के बीच है।
विवाद का एक और पहलू सचिव दशरथ नामदेव को लेकर सामने आया है। आरोप है कि वे पहले से बिछरहटा में पदस्थ हैं और पटेहरा ग्राम पंचायत का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। इसके बावजूद उनके नाम का प्रस्ताव देवरा ग्राम पंचायत के अतिरिक्त प्रभार के लिए भी भेजा गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जनपद पंचायत हनुमना में पहले से 5 से 6 सचिव जनपद से संबद्ध हैं, जिन्हें अतिरिक्त प्रभार दिया जा सकता था। इसके बावजूद कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर चुनिंदा सचिवों के पक्ष में प्रस्ताव भेजे गए हैं। आरोप यह भी है कि यह पूरी प्रक्रिया आर्थिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप निर्णय लेता है या नहीं।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
