PM आवास योजना की सूची में नाम नहीं आने पर आक्रोश : कलेक्ट्रेट पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग

गरियाबंद। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सर्वे में नाम शामिल नहीं होने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को गरियाबंद जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। जोहर पार्टी के समर्थन में पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पात्र हितग्राहियों की सूची की निष्पक्ष जांच कराने और छूटे हुए लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन में फिंगेश्वर और छुरा ब्लॉक के ग्राम टेका, किरवई, कोमा, परसदाकला, पंडारीतरई, बोरसी, कौंदकेरा, सुरसाबांधा, भेंडरी, बोडकी, जामगांव, धुरसापौंड और पांडुका सहित कई गांवों के लोग शामिल हुए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सर्वे के दौरान कई पात्र परिवारों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए, जबकि कुछ ऐसे लोगों को लाभार्थी सूची में जगह मिली है जो योजना की पात्रता पूरी नहीं करते। उनका कहना है कि इस वजह से जरूरतमंद परिवार सरकारी आवास योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 26 जून को भी उन्होंने जनपद पंचायत फिंगेश्वर में प्रदर्शन कर अपनी मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुनवाई नहीं होने पर वे जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पात्र हितग्राहियों को जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
