कूनो में फिर गूंजी किलकारी : बोत्सवाना से आई मादा चीता केओएमजी ने 4 नन्हें मेहमानों को दिया जन्म, सीएम मोहन शेयर किया वीडियो

श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रोजेक्ट चीता के तहत बोत्सवाना से भारत लाई गई ढाई साल की मादा चीता केओएमजी 3 ने चार शावकों को जन्म दिया है। इन चार नन्हें मेहमानों के जन्म के बाद भारत में चीतों की संख्या 62 हो गई है। इनमें 43 चीते ऐसे हैं, जिनका जन्म भारतीय धरती पर हुआ है। कूनो की इस उपलब्धि पर केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव और मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर की है। सीएम ने नन्हें शावकों को वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताई खुशी
सीएम डाॅ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रोजेक्ट चीता के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। बोत्सवाना से लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता KOMG3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ भारत में चीतों की संख्या 62 हो गई है, जिनमें 43 का जन्म भारत में हुआ है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वन्यजीव संरक्षण के संकल्प की बड़ी सफलता बताया।
नन्हे शावकों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रोजेक्ट चीता से जुड़े वन्यजीव विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों और वनकर्मियों को बधाई दी। वहीं, अब वन विभाग के सामने चारों नन्हे शावकों की सुरक्षित परवरिश और उनके स्वस्थ विकास की जिम्मेदारी है।
प्रोजेक्ट चीता के लिए यह अहम पलः केन्द्रीय वन मंत्री
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ‘बोत्सवाना से आई ढाई साल की मादा चीता, केओएमजी 3 ने आज जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। खास बात यह है कि वह बोत्सवाना से आई पहली मादा चीता है जिसने बच्चों को जन्म दिया है। यह ‘प्रोजेक्ट चीता’ के लिए एक अहम पल है और भारत में चीतों की आबादी को फिर से बसाने की दिशा में एक गर्वपूर्ण उपलब्धि है। जंगल में चार महीने से अधिक समय बिताने के बाद, ज्ञव्डळ 3 ने अब प्राकृतिक माहौल में बच्चों को जन्म दिया है। 2022 में चीतों को फिर से बसाने का कार्यक्रम शुरू होने के बाद से, जंगल में जन्म का यह दूसरा मामला दर्ज किया गया है।’
चीतों का जन्म संकल्प को करता है मजबूत
उन्होंने आगे लिखा ‘इन चार नए शावकों के आने से, भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 ऐसे चीते शामिल हैं जिनका जन्म भारत में हुआ है। इस तरह का हर जन्म हमारी उम्मीदों को बढ़ाता है, हमारे संकल्प को मजबूत करता है और हमें याद दिलाता है कि संरक्षण का काम धैर्य, लगन और सामूहिक प्रयासों की एक लंबी यात्रा है। इस उपलब्धि के पीछे प्रबंधकों, पशु चिकित्सकों, वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों और ‘प्रोजेक्ट चीता’ की सफलता के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले सभी लोगों का अथक समर्पण और कठिन परिश्रम शामिल है।’
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
