यूपी सीएम योगी की मां का निधन, : सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, कल हरिद्वार में होगा अंतिम संसकार

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का ं निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। यह योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है। उनका परिवार इसी गांव से जुड़ा हुआ है। सावित्री देवी उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थी। जानकारी के अनुसार, कल शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सावित्री देवी के निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक का माहौल है। विभिन्न नेताओं और शुभचिंतकों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
पंचूर गांव में ली अंतिम सांस
सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव की रहने वाली थीं। सीएम योगी का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि, संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। वह अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने 8 मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था।
सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
धामी ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मां का साया उठना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सांसद रवि किशन ने भी जताई संवेदना
गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुखद और हृदय को व्यथित करने वाला है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
