रविवार, 27 सितंबर 202611:29:33 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

आफत की बारिश : गरियाबंद में बारिश का कहर: 36 गांवों का संपर्क टूटा, 102 लोगों का रेस्क्यू, देवभोग बना टापू,

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Sep 26, 2026
06:15 AM
गरियाबंद में बारिश का कहर: 36 गांवों का संपर्क टूटा, 102 लोगों का रेस्क्यू, देवभोग बना टापू,

गरियाबंद। जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में सड़क संपर्क टूट गया है। जिला मुख्यालय से महज 4 किलोमीटर दूर पंटोरा में NH-130C जलमग्न हो गया है। रायपुर को देवभोग से जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पिछले करीब 12 घंटे से आवाजाही के लिए बंद है।

बीच नाले में फंसी बस, रस्सी के सहारे 50 यात्रियों को निकाला

भारी बारिश के बीच रायपुर से देवभोग आ रही एक बस नाले के तेज बहाव में फंस गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रस्सी की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस रेस्क्यू के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

मैनपुर में सड़क मार्ग बंद

बारिश का असर जिले के मैनपुर क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। जाड़ापदर-झिड़ार मार्ग पर पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई है। लगातार बारिश के कारण कई ग्रामीण इलाकों का मुख्य मार्गों से संपर्क बाधित हो गया है।

अमलीपदर में 102 लोगों का रेस्क्यू

अमलीपदर क्षेत्र में भी बारिश के चलते कई लोग प्रभावित हुए हैं। यहां बारिश में फंसे करीब 102 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। सभी को आंगनबाड़ी भवन में शिफ्ट किया गया है, जहां प्रशासन की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बेलाट नाला उफान पर, 36 गांवों का संपर्क टूटा

देवभोग क्षेत्र में बेलाट नाला में पानी का भराव बढ़ने से करीब 36 गांवों का संपर्क टूट गया है। लगातार बारिश और जलभराव के चलते देवभोग मुख्यालय का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। हालात ऐसे हैं कि देवभोग मुख्यालय चारों तरफ पानी से घिरा नजर आ रहा है और इलाके में टापू जैसे हालात बन गए हैं।

22 घंटे से बिजली गुल, ब्लैकआउट की स्थिति

बारिश की वजह से देवभोग क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। पिछले करीब 22 घंटे से बिजली गुल होने के कारण पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी हुई है। बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए संबंधित विभाग की टीमों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।

किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान

लगातार बारिश और जलभराव का असर किसानों पर भी पड़ा है। जिले के कई इलाकों में खेतों में पानी भरने से हजारों एकड़ फसल प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

लगातार बारिश के चलते जिले में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कई मार्गों पर आवाजाही बंद है और ग्रामीण क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हैं।

प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश के निर्देश दिए हैं।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें