बच्चा गोद में उठाए देख लोगों ने किया शक : सूरजपुर में बच्चा चोरी के शक में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और वह एक स्थानीय बच्चे को गोद में उठाए हुए थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट की।घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली और महिला को अपने संरक्षण में लिया।
बच्चा गोद में उठाए देख लोगों ने किया शक
पुलिस के मुताबिक, प्रतापपुर क्षेत्र में महिला एक स्थानीय बच्चे को गोद में उठाए हुए थी। महिला की गतिविधियों को देखकर कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी का शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने महिला के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया। चिकित्सकों की जांच में महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई। डॉक्टरों ने महिला के बेहतर उपचार के लिए अनुभवी चिकित्सकों से इलाज कराने की सलाह दी।
देर होने के कारण सखी सेंटर में रखा गया
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद महिला को आगे की देखरेख के लिए ले जाने की व्यवस्था की गई। देर हो जाने के कारण फिलहाल महिला को सखी सेंटर, सूरजपुर में रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति पर बच्चा चोरी या किसी अन्य अपराध का संदेह होने पर खुद कानून हाथ में न लें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और बिना पुष्टि के किसी अफवाह या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें।
रिपोर्टर: राजा खान
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
