मंगलवार, 14 जुलाई 202610:58:00 PM
Download App
Home/देश

होर्मुज में भारतीय की मौत पर भारत का एक्शन : ईरानी नाजनयिक को तलब कर मांगा स्पष्टीकरण, समुद्री-भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर जताई चिंता

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 14, 2026
06:37 AM
ईरानी नाजनयिक को तलब कर मांगा स्पष्टीकरण, समुद्री-भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर जताई चिंता

नई दिल्ली। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास यूएई के दो तेल टैंकरों पर हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि आठ चालक दल के सदस्य घायल हुए हैं। इनमें छह भारतीय हैं। यूएई ने इस हमले के लिए जहां ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं इस घटना ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्ग की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होर्मुज में व्यापारिक जहाजों पर हुए घातक मिसाइल हमले के बाद भारत ने कड़ा कूटनीतिक रुख अपनाया है।

विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित ईरानी मिशन के उप प्रमुख मोहम्मद जवाद हुसैनी सहित वरिष्ठ राजनयिकों को तलब कर लिया है और घटना पर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। साथ ही भारत ने इस मामले में विस्तृत स्पष्टीकरण भी मांगा है। बैठक के दौरान भारतीय अधिकारियों ने व्यापारिक जहाजों पर हुए हमले को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की और ईरानी मिशन से जवाब मांगा।

बिना बयान दिए मंत्रालय से रवाना हुए ईरानी राजनयिक

बैठक समाप्त होने के बाद उप प्रमुख मोहम्मद जवाद हुसैनी और अन्य ईरानी राजनयिक बिना कोई सार्वजनिक टिप्पणी किए मंत्रालय से रवाना हो गए। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर ईरानी दूतावास की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर घातक मिसाइलों से हमला किया गया। घटना के बाद भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए तत्काल कूटनीतिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी।

वैश्विक समुद्री व्यापार पर बढ़ा खतरा

भारत का यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में गिना जाता है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। इस क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। भारत ने स्पष्ट किया है कि व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और ऐसे घटनाक्रमों पर वह लगातार नजर बनाए हुए है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें