सिंहस्थ से पहले उज्जैन में बड़ा एक्शनः : केडी गेट पर गरजी जेसीबी, सड़क की जद में आए धार्मिक स्थलों के हिस्से ढहाए, पोकलेन और जेसीबी से चला ध्वस्तीकरण अभियान

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में विकास की रफ्तार बढ़ाने के लिए नगर निगम ने अब सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। केडी गेट क्षेत्र में प्रस्तावित मार्ग के रास्ते में आ रहे निर्माणों पर निगम का अमला मशीनों के साथ पहुंचा और प्रभावित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। गाड़ी अड्डा चैराहे से केडी गेट होते हुए सोमवरिया तक 2.2 किलोमीटर लंबी सड़क को 18 मीटर चैड़ा करने की योजना है। इसी के तहत केडी गेट स्थित मदीना मस्जिद और शिया दाऊदी बोहरा जमात की दाऊल इमारत के सड़क सीमा में आ रहे हिस्सों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान पोकलेन और जेसीबी मशीनें मौके पर गरजती रहीं। पुलिस बल की मौजूदगी में निगम ने अभियान को आगे बढ़ाया।
नगर निगम की रिमूवल गैंग कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से चैड़ीकरण की सीमा में आने वाले निर्माणों को हटाया गया। मशीनों के जरिए एक-एक कर बाधक हिस्सों को ध्वस्त किया गया और सड़क निर्माण के लिए जगह खाली कराई गई।
अधिकारियों की सीधी निगरानी में कार्रवाई
पूरे अभियान की निगरानी सहायक आयुक्त घनश्याम मचार, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर और भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता ने की। अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निगम के अमले ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई को आगे बढ़ाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अमला भी सक्रिय रहा।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान
संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने प्रभावित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई की, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और अभियान शांतिपूर्वक पूरा किया जा सके।
सड़क चौड़ी होने से यातायात को मिलेगी राहत
नगर निगम के अनुसार 18 मीटर चौड़े मार्ग के तैयार होने के बाद केडी गेट और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। सड़क चैड़ीकरण पूरा होने से वाहन चालकों को सुगम रास्ता मिलेगा और आवागमन में सुधार होगा। प्रभावित हिस्सों को हटाने के बाद अब परियोजना के अगले चरण के निर्माण कार्य को गति देने की तैयारी है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
