मंगलवार, 1 सितंबर 202612:42:44 PM
Download App
Home/देश

सीलिंग के विरोध में सड़कों पर उतरा कारोबार : हाथों में थालियां-तख्तियां लेकर नगर निगम के खिलाफ बुलंद की आवाज, सीएम से मिलने पर अड़े व्यापारी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 01, 2026
10:54 AM
हाथों में थालियां-तख्तियां लेकर नगर निगम के खिलाफ बुलंद की आवाज, सीएम से मिलने पर अड़े व्यापारी

भोपाल। राजधानी भोपाल में नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का गुस्सा सड़क पर आ गया है। इतना ही नहीं मंगलवार को नए-पुराने शहर के व्यापारी रोशनपुरा चैराहे पर एकजुट होकर जवाहर भवन के सामने सड़क पर बैठकर भारी विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने हाथों में थालियां और तख्तियां लेकर नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारी व्यापारी मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे।

व्यापारियों की मुख्य मांग है कि सीलिंग की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और शहर में लंबित मास्टर प्लान को लागू किया जाए। व्यापारियों का कहना है कि बिना स्पष्ट समाधान के कार्रवाई से कारोबार और दुकानदारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो रहा है।

मुख्यमंत्री से मिलने पर अड़े व्यापारी

प्रदर्शनकारी व्यापारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की मांग को लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रोशनपुरा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

नए शहर से प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे व्यापारियों को पुलिस ने टॉप एंड टाउन के सामने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद व्यापारियों और पुलिस के बीच तनातनी की स्थिति बन गई। व्यापारियों को रोशनपुरा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर कड़ी बैरिकेडिंग की गई।

रोकने पर भड़का व्यापारियों का गुस्सा

पुलिस की रोक-टोक से नाराज व्यापारियों ने मौके पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। थाली और ताली बजाकर नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान तलाशना चाहिए।

भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि अलग-अलग जगह रोके जा रहे व्यापारियों को एक स्थान पर शांतिपूर्वक एकत्र होने दिया जाए।

गुजरात मॉडल लागू करने की मांग

व्यापारी लगातार मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास करते रहे। उनका कहना है कि यदि मास्टर प्लान लागू नहीं किया जाता है, तो गुजरात मॉडल को अपनाकर शहर की व्यापारिक और निर्माण संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए।

सरकार ने भेजा प्रतिनिधिमंडल

लगातार बढ़ते विरोध के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों से बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजा है। यह प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शनकारी व्यापारियों से चर्चा कर उनकी मांगों और समस्याओं को समझेगा। अब नजर इस बात पर है कि बातचीत के बाद सीलिंग कार्रवाई को लेकर सरकार क्या फैसला करती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें