बिलासपुर : JCB के टायर में हवा भरते समय हुआ ब्लास्ट, हेल्पर की मौत,CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब JCB मशीन के टायर में हवा भरते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में 18 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार टायर में हवा भरने का काम चल रहा था, तभी अचानक टायर फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में JCB ऑपरेटर, मैकेनिक समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सामने आए फुटेज में धमाके की भयावहता और उसके बाद मौके पर मची अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टायर फटते ही आसपास मौजूद लोग जमीन पर गिर जाते हैं और मौके पर हड़कंप मच जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर में अधिक दबाव के साथ हवा भरना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में घटना की चर्चा तेज हो गई है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
