शनिवार, 29 अगस्त 202606:48:00 AM
Download App
Home/देश

रक्षाबंधन : संतों की शरण में पहुंचे मोहन, वंदन कर लिया आशीर्वाद; बहनों ने बांधी राखी, CM ने मीठा कराया मुंह

admin

admin

Aug 28, 2026
03:29 PM
संतों की शरण में पहुंचे मोहन, वंदन कर लिया आशीर्वाद; बहनों ने बांधी राखी, CM ने मीठा कराया मुंह

खाचरौद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को खाचरौद के ग्राम चिरोला फंटा स्थित संत श्री निजानंद धाम आश्रम पहुंचे। धार्मिक वातावरण के बीच मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर संत परंपरा का स्मरण किया और श्री श्री 1008 सचिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के आश्रम पहुंचने पर श्री निजानंद धाम सेवा समिति ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

शिव मंदिर में किया रुद्राभिषेक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक और षोडशोपचार पूजन किया। इसके बाद उन्होंने संत श्री निजानंद जी महाराज की गादी पर पूजा-अर्चना कर आरती की। आश्रम में मौजूद संतों का वंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आश्रम में प्रसादी भी ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने सचिदानंद जी महाराज के शिष्य श्री विवेक महाराज से मुलाकात कर संत परंपरा और आध्यात्मिक गतिविधियों पर चर्चा की। इस दौरान आश्रम परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

संतों की परंपरा समाज को देती है सद्कार्य की प्रेरणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत श्री निजानंद आश्रम आकर दर्शन और पूजा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक स्थल देश, प्रदेश और मालवा की सनातन संस्कृति की महान संत परंपरा और उसकी अलौकिक आभा से परिचित कराते हैं।

उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज को सद्कार्य की प्रेरणा देता है। श्री निजानंद जी महाराज के बाद स्वामी सचिदानंद जी महाराज ने इस स्थान को नई चेतना प्रदान की और पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों की मूल भावना ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ को जीवन में धारण कर सभी के कल्याण की कामना करनी चाहिए।

हेलीपेड पर बहनों ने बांधी राखी

मुख्यमंत्री के खाचरौद पहुंचने पर हेलीपेड पर भी रक्षाबंधन की आत्मीय झलक देखने को मिली। नागदा निवासी श्रीमती माया तितलिया और मनीषा अखिलेश शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों का आत्मीयता से स्वागत किया, उनका मुंह मीठा कराया और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में नागदा-खाचरौद क्षेत्र के विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, श्री राजेश धाकड़, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री नरेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आश्रम दौरे के दौरान धार्मिक आस्था, संत परंपरा और सामाजिक समरसता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें