लूला फिर बने ब्राजील के राष्ट्रपति : पीएम ने प्रिय मित्र को दी बधाई, दोनों देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर दिया जोर

नई दिल्ली। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने एक बार फिर चुनाव में जीत शानदार जीत दर्ज की है। शुरुआती दौर में पिछड़ने के बावजूद लूला दा सिल्वा ने अंतिम मुकाबले में वापसी करते हुए जीत हासिल की। 99.89 प्रतिशत मतों की गिनती पूरी होने पर लूला को 51.78 प्रतिशत वैध वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.23 प्रतिशत वोट हासिल हुए। लूला की शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है।
पीएम मोदी ने एक्स पर लूला को अपना ‘प्रिय मित्र’ बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। साथ ही भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। पीएम मोदी ने कहा कि वह भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा और व्यापक बनाने के लिए लूला के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हैं.
उन्होंने आगे कहा कि भारत और ब्राजील विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करना जारी रखेंगे। दोनों देशों का उद्देश्य ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाना और वैश्विक स्तर पर अधिक समावेशी व्यवस्था के निर्माण में योगदान देना है।
तकनीक, रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग पर जोर
भारत और ब्राजील के संबंध पिछले कुछ वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं। फरवरी 2026 में राष्ट्रपति लूला की भारत यात्रा के दौरान हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। इस बैठक में दोनों नेताओं ने तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी।
दोनों देशों ने ग्लोबल साउथ के विकासशील देशों के हितों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया था। ऐसे में लूला की जीत को भारत-ब्राजील संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
