प्रम्बानन मंदिर से दुनिया को संदेश : पीएम मोदी ने हिन्दू मंदिर में की पूजा-अर्चना, साक्षी बने प्रबोतो

जकार्ता। इंडोनिशया के प्रम्बानन मंदिर में भारत-इंडोनेशिया मैत्री का संदेश गूंजा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विश्व प्रसिद्ध प्रम्बानन हिन्दू मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी भी ली। इस दौरान उनके साथ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो भी थे। दोनों नेताओं ने भारत-इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने का संदेश भी दिया।
मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीएम मोदी की पूजा संपन्न कराई और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान पीएम मोदी ने मंदिर परिसर में मौजूद भक्तों और स्थानीय लोगों से मुलाकात उनसे बातचीत की। मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रम्बानन मंदिर का वीडियो साझा करते हुए इसे राजसी प्रम्बानन मंदिर बताया। उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ यात्रा की तस्वीर भी साझा की, जिसमें दोनों नेता योग्याकार्ता से मंदिर की ओर जाते दिखाई दिए।

इससे पहले दोनों देशों ने प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनर्स्थापन के लिए भारत समर्थित परियोजना से जुड़े आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) का आदान-प्रदान किया था। यह समझौता दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद संपन्न हुआ, जिसमें रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने, सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने तथा शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भी प्रम्बानन मंदिर को भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों का जीवंत प्रतीक बताया था। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल यह मंदिर दक्षिण-पूर्व एशिया की सबसे महत्वपूर्ण हिंदू धरोहरों में गिना जाता है और दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों की मजबूत कड़ी माना जाता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
