छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें : जमीन रिडेवलपमेंट की तैयारी, तेंदूपत्ता गोदाम में आग,अनशन समाप्त और बकरीद गाइडलाइन चर्चा में

छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें: सरकारी जमीनों के रिडेवलपमेंट से लेकर बकरीद गाइडलाइन तक कई अहम फैसले
जमीनों के रिडेवलपमेंट की तैयारी
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेशभर में शासकीय विभागों, निगम-मंडलों, बोर्डों और सरकारी कंपनियों की अनुपयोगी एवं खाली पड़ी जमीनों के बेहतर उपयोग के लिए नई रिडेवलपमेंट योजना तैयार करने का फैसला लिया है। इस परियोजना के संचालन की जिम्मेदारी आवास एवं पर्यावरण विभाग को सौंपी गई है। मंत्रालय स्थित महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों और जिला कलेक्टरों से चिन्हित जमीनों की जानकारी ली गई। सरकार का उद्देश्य इन संपत्तियों का व्यवस्थित विकास कर उनका सार्वजनिक उपयोग सुनिश्चित करना है।
तेंदूपत्ता गोदाम में लगी आग
जगदलपुर के सरगीपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम के फड़ नंबर-5 में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में पिछले वर्ष का संग्रहित तेंदूपत्ता रखा था, जिसकी बिक्री पहले ही हो चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। वन विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।
बच्ची की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा
कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल का सामान बाहर फेंक दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है
कांग्रेस नेताओं का अनशन समाप्त
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के बीच जिला कांग्रेस महामंत्री नागेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट मामले को लेकर शुरू हुआ कांग्रेस नेताओं का अनशन समाप्त हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव प्रशासन से चर्चा के बाद अनशन खत्म करने पर सहमत हुए। प्रशासन ने कांग्रेस की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने का भरोसा दिया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने नारियल पानी पीकर अनशन समाप्त किया।
बकरीद को लेकर गाइडलाइन जारी
ईद-उल-अजहा (बकरीद) को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रशासन और राज्य वक्फ बोर्ड ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि त्योहार के दौरान स्वच्छता, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर विस्तृत योजना तैयार की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
