बस्तर में कांग्रेस का जनाधार मजबूत : दंतेवाड़ा में भाजपा को झटका, कांग्रेस में शामिल हुए 420 से ज्यादा ग्रामीण,चुनावी तैयारी तेज, कांग्रेस ने फूलपाड़ में दिखाई संगठनात्मक ताकत

बस्तर- बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा के फूलपाड़ गांव में कांग्रेस को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। कुआकोंडा विकासखंड के फूलपाड़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान करीब 450 से ज्यादा ग्रामीणों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने इसे क्षेत्र में बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया है, जबकि राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी रणनीति के तहत भाजपा के जनाधार में सेंध लगाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
कुआकोंडा विकासखंड के फूलपाड़ गांव में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस का हाथ थामा। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नवप्रवेशियों का कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दिलाया।
कांग्रेस में शामिल हुए ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्रीय समस्याओं और स्थानीय मुद्दों की अनदेखी से वे नाराज थे। उनका आरोप है कि लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते उन्होंने भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भरोसा दिलाया कि जनता की आवाज को प्राथमिकता दी जाएगी।
कांग्रेस इसे संगठन विस्तार अभियान की बड़ी सफलता मान रही है। पार्टी का दावा है कि दंतेवाड़ा सहित बस्तर अंचल में लगातार लोगों का समर्थन बढ़ रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की कांग्रेस की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले समय में इसका असर स्थानीय राजनीति पर भी दिखाई दे सकता है। फूलपाड़ में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने दंतेवाड़ा की राजनीति को नई चर्चा दे दी है। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस सदस्यता अभियान का असर आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर कितना पड़ता है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
