बलौदाबाजार : करहीबाजार में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए किसान बनकर कृषि केंद्र पहुंचे अधिकारी, कृषि केंद्र सील

बलौदाबाजार। जिले में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत करहीबाजार स्थित एक कृषि केंद्र में डीएपी खाद निर्धारित मूल्य से दोगुनी कीमत पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई करते हुए विभाग ने कृषि केंद्र को सील कर दिया और लाखों रुपये मूल्य का उर्वरक जब्त किया है।
खाद की कलाबाजारी रोकने पहुंचे अधिकारी
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम लगातार उर्वरक विक्रय केंद्रों की निगरानी कर रही है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि दीपक कुमार नायक स्वयं एक स्थानीय किसान के साथ सामान्य ग्राहक बनकर करहीबाजार स्थित बबला कृषि केंद्र पहुंचे। यहां किसान द्वारा डीएपी खाद की मांग किए जाने पर विक्रेता कृष्ण कुमार देवांगन ने निर्धारित मूल्य 1350 रुपये प्रति बोरी के बजाय 2700 रुपये प्रति बोरी की दर से खाद बेची। दो बोरी खाद के लिए किसान से कुल 5400 रुपये वसूले गए। इतना ही नहीं, बिल मांगने पर विक्रेता ने बिल देने से इनकार कर दिया और किसी को जानकारी नहीं देने की हिदायत भी दी।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत निगरानी कर रही जिला स्तरीय निरीक्षण टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कृषि केंद्र की जांच शुरू की। जांच में पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक उपलब्ध उर्वरक की मात्रा में बड़ा अंतर पाया गया। इसके अलावा यूरिया और टीएसपी खाद का स्टॉक भी मिला, जिसकी जानकारी मशीन में दर्ज नहीं थी।
डीबीटी उर्वरक वितरण प्रणाली
अधिकारियों ने इसे डीबीटी उर्वरक वितरण प्रणाली और उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन माना। इसके बाद कृषि केंद्र में उपलब्ध 47.84 मीट्रिक टन उर्वरक जब्त कर केंद्र को सील कर दिया गया। जब्त उर्वरक की अनुमानित कीमत 11 लाख 9 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।किसानों को राहत पहुंचाने और खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन का यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जिले में ऐसे अन्य मामलों पर भी कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
