नेपाल में बड़ा विमान हादसा : लैंडिंग के दौरान हवा में टकराए दो हेलिकाप्टर, विदेशी नागरिक की मौत, एक घायल, जांच में जुटी एजेंसिया

काठमांडू। नेपाल के हिमालयी क्षेत्र के सोलुखुम्बु में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग की कोशिश कर रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।हालांकि, मृतक और घायल की पहचान तथा घायल की राष्ट्रीयता का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि टक्कर के बाद हेलीकॉप्टरों में आग नहीं लगी। बताया जा रहा है कि जब दोनों हेलिकाप्टर फेरीचे हेलीपैड पर उतर रहे थे, तभी उनके पंखे आपस में टकरा गए। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराए हैं. हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए रोटर ब्लेड
सशस्त्र पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी और सोलुखुम्बु में तैनात डीएसपी सूरज पांडे ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8ः5 बजे फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में एक विदेशी नागरिक की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
घायल को हेलीकॉप्टर से लुकला पहुंचाया
स्थानीय मीडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुकला ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फेरिचे हेलीपोर्ट पर दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक घायल हुआ है।
हादसे की वजह जानने में जुटी जांच एजेंसियां
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने स्थानीय मीडिया को बताया कि दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड लैंडिंग के दौरान टकराए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संबंधित एजेंसियां घटनास्थल से जानकारी जुटा रही हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
