जिला प्रशासन पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष : VVIP प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियां, बेमेतरा में अव्यवस्था पर भड़के रमन सिंह, भूपेश बघेल ने कसा तंज

बेमेतरा: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बेमेतरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराज नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत में हुई कथित चूक और अव्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई। दरअसल बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की खास बात यह थी कि भाजपा विधायक दीपेश साहू ने भी इसी समारोह में विवाह किया। इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों डिप्टी सीएम और कई मंत्री शामिल हुए थे।
भीड़ के आगे फेल हुई प्रशासनिक व्यवस्था
कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने से वीवीआईपी प्रोटोकॉल पूरी तरह प्रभावित हो गया। अतिथियों को मंच तक पहुंचने में परेशानी हुई और कई वरिष्ठ नेताओं को लंबे समय तक बैठने की जगह तक नहीं मिली।
पीछे से पहनाई गई माला, बढ़ी नाराजगी
बताया गया कि भीड़ के कारण मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और अन्य मंत्रियों का स्वागत भी व्यवस्थित तरीके से नहीं हो सका। अतिथियों को पीछे से माला पहनाने जैसी स्थिति बन गई, जिससे प्रशासन की तैयारी पर सवाल खड़े हुए।

भाषण में छलका रमन सिंह का दर्द
जब संबोधन का मौका आया तो डॉ. रमन सिंह ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 15 साल मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने इस तरह की अव्यवस्था नहीं देखी थी।
खराब मौसम पर भी उठाए सवाल
रमन सिंह ने कहा कि तेज आंधी और बारिश के बाद भी प्रशासन समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया। प्रदेश का पूरा नेतृत्व मौजूद होने के बावजूद अधिकारियों को नया स्थान तय करने में काफी समय लग गया।
सीएम साय ने दिए जांच के संकेत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा था। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी उन्हें है और कमिश्नर से इसकी जांच कराई जाएगी।
भूपेश बघेल ने भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि "डॉक्टर साहब का गुस्सा बता रहा है कि सरकार की सेहत खराब है।" उन्होंने रमन सिंह की टिप्पणी को लेकर सरकार पर भी कटाक्ष किया।
रेस्ट हाउस में फूटा गुस्सा
तेज बारिश के कारण मुख्य समारोह प्रभावित हुआ था, जिसके बाद रात में रेस्ट हाउस में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने का कार्यक्रम रखा गया। इसी दौरान व्यवस्थाओं को देखकर विधानसभा अध्यक्ष की नाराजगी सामने आई।हालांकि रमन सिंह ने अधिकारियों को सुधार का मौका देने की बात भी कही, लेकिन उनका सार्वजनिक गुस्सा अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
