मंगलवार, 24 नवंबर 202606:05:14 PM
Download App
Home/देश

धर्मनगरी में गूंजेगा राम नाम! : बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू ने सांदीपनि आश्रम में शुरू की कथा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 17, 2026
07:49 AM
बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर प्रसिद्ध कथावाचक  मोरारी बापू ने सांदीपनि आश्रम में शुरू की कथा

उज्जैन। प्रसिद्ध रामकथा वाचक संत मोरारी बापू मंगलवार सुबह धर्मनगरी उज्जैन पहुंचे। वे रेलवे स्टेशन से सीधे विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गए। मंदिर पहुंचने के बाद मोरारी बापू ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और गर्भगृह में विधि-विधान से पूजन-अर्चन की। इसके बाद नंदी हॉल में बैठक भोले की भक्ति की। इसके बाद उन्होंने मोक्षदायिनी मां शिप्रा का पूजन किया। फिर सांदीपनि आश्रम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। आश्रम के सामने तैयार किए गए भव्य पंडाल में उन्होंने राम कथा का शुभारंभ भी किया।

बाबा महाकाल के दर्शन कर स्वयं को बताया धन्य

मीडिया से चर्चा करते हुए मोरारी बापू ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन करके वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अपनी स्वस्तिक यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि यह यात्रा देशभर के तीर्थस्थलों पर आध्यात्मिक संवाद स्थापित करने का माध्यम बन रही है।

उन्होंने कहा कि त्रिभुवन गुरु महादेव और जगद्गुरु शंकराचार्य का अनुसरण करते हुए यह यात्रा आचार्यों, महामंडलेश्वरों, जगद्गुरुओं, पुजारियों, ब्राह्मण समुदाय और समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग एवं आशीर्वाद से आगे बढ़ रही है।

बोले- यात्राएं हमें हमारी अंतिम मंजिल तक पहुंचाती हैं

मोरारी बापू ने यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यात्राएं जीवन में बहुत महत्वपूर्ण होती हैं, क्योंकि वे हमें हमारी अंतिम मंजिल तक पहुंचाती हैं। इनमें पैदल तीर्थयात्राओं का विशेष महत्व है। हालांकि, वर्तमान समय और परिस्थितियों को देखते हुए पूरी यात्रा पैदल करना संभव नहीं है। इसलिए परिवहन के अन्य उपलब्ध साधनों का उपयोग भी किया जाना चाहिए।

उन्होंने जगद्गुरु आदि शंकराचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने सदियों पहले पैदल यात्रा कर देश के चारों दिशाओं में चार मठों की स्थापना की थी। उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक आध्यात्मिक संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जेन-जी को दिया हनुमान जी के आदर्श अपनाने का संदेश

राम कथा के महत्व पर बात करते हुए मोरारी बापू ने कहा कि राम कथा केवल प्रवचन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आपसी संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उनके अनुसार, संवाद सभी के साथ होना चाहिए और राम कथा इसी भावना को मजबूत करती है।

नई पीढ़ी यानी जेन-जी को संदेश देते हुए उन्होंने भगवान हनुमान के आदर्शों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को हनुमान जी से शक्ति, बुद्धि और ज्ञान की प्रेरणा लेनी चाहिए तथा अपने कार्यों से देश को गौरवान्वित करना चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें